कुरुक्षेत्र के निजी स्कूल के छात्र और स्टाफ कार की चपेट में आए, प्रिंसिपल समेत तीन घायल
राजस्थान के सीकर जिले में खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के छात्रों और स्टाफ के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दांतारामगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में स्कूल के प्रिंसिपल सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे उस समय हुआ, जब स्कूल स्टाफ और छात्र मंदिर में दर्शन के बाद पार्किंग की ओर जा रहे थे, जहां उनकी बस खड़ी थी। इसी दौरान अनियंत्रित गति से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
लौटते वक्त भटके, तभी हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कुरुक्षेत्र के मोरथला गांव स्थित ज्ञान ज्योति गीता विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र और स्टाफ बस से सीकर पहुंचे थे। मंदिर से लगभग चार किलोमीटर दूर पार्किंग में बस खड़ी की गई थी। दर्शन के बाद बस की ओर लौटते समय सभी रास्ता भटक गए और तभी यह हादसा हो गया।
एसके अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा की पहचान पायल के रूप में हुई है। वहीं स्कूल प्रिंसिपल अशोक शर्मा (55), बस चालक जयकरण (50) और शिक्षिका अंजना (22) घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सीकर के एसके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इकलौती बेटी के जाने से परिवार टूट गया
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। सूचना मिलते ही पायल के पिता संजीव, निवासी धंतौड़ी, परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पायल अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसका छोटा भाई यश भी उसी स्कूल में पढ़ता है। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है।




