रोहतक जिले के महम कस्बे के वार्ड नंबर-14 में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सल्फास खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही महम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय भारत के रूप में हुई है, जो हिसार जिले के गांव सिंगला खास का निवासी था और वर्तमान में अपने परिवार के साथ महम के वार्ड-14 में रह रहा था। बताया गया है कि भारत की करीब पांच महीने पहले दूसरे राज्य की युवती से शादी हुई थी। शादी के बाद से वह परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, भारत बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। किसी बात को लेकर वह परेशान रहता था, हालांकि उसने अपनी परेशानी किसी के साथ साझा नहीं की। परिवार का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
महम थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। शुरुआती जांच में मृतक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




