हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) ने वर्ष की शुरुआत में प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खबर दी है। आयोग ने हरियाणा पुलिस में 5500 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती अब तक की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती मानी जा रही है। इससे पहले अधिकतम 5061 पदों पर भर्ती हुई थी।
जारी विज्ञापन के अनुसार कुल पदों में से 4500 पद पुरुष कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) के लिए, 600 पद महिला कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) के लिए और 400 पद पुरुष कॉन्स्टेबल (GRP) के लिए निर्धारित किए गए हैं।
11 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन, बिना शुल्क
इच्छुक उम्मीदवार 11 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 रात 11:59 बजे तय की गई है। इस भर्ती की खास बात यह है कि किसी भी श्रेणी के उम्मीदवार से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
परीक्षा कार्यक्रम बाद में होगा जारी
आयोग ने फिलहाल केवल आवेदन से संबंधित कार्यक्रम घोषित किया है। लिखित परीक्षा की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है। प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्र तय किए जाएंगे और उसी के अनुसार परीक्षा की तारीख घोषित होगी।
कद-काठी के तय मानक
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम कद 170 सेंटीमीटर और सीना 83 सेंटीमीटर रखा गया है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को इन मानकों में 2-2 सेंटीमीटर की छूट दी जाएगी।
महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम कद 158 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है, जबकि आरक्षित वर्ग की महिलाओं को 2 सेंटीमीटर की राहत मिलेगी।
दौड़ के मानक निर्धारित
फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट के तहत पुरुष उम्मीदवारों को 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। महिला उम्मीदवारों के लिए 6 मिनट में 1 किलोमीटर दौड़ तय की गई है। वहीं पूर्व सैनिकों के लिए 5 मिनट में 1 किलोमीटर दौड़ का प्रावधान रखा गया है। फिजिकल टेस्ट में असफल रहने वाले उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे।




