हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नए साल की शुरुआत से पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पिपली-थर्ड गेट रोड पर जोगी बस्ती निवासी एक युवक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
मृतक की पहचान अल्केश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह रात का भोजन करने के बाद टहलने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान वह पिपली-थर्ड गेट मार्ग पर पैनोरमा के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
गंभीर चोटों के कारण तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अल्केश सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गहरी चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे एंबुलेंस के जरिए एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया। पुलिस आज पोस्टमॉर्टम कराएगी और परिजनों के बयान दर्ज करेगी। आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घर में मातम का माहौल
परिजनों के अनुसार, अल्केश के दो भाइयों का पहले ही निधन हो चुका है। तीसरे बेटे की मौत से परिवार सदमे में है और घर में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।




