हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मंगलवार सुबह थीम (केशव) पार्क में एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पास एक चाकू भी पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 9 बजे सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि सिर न मिलने के कारण उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है।
स्टेज के पीछे पड़ा मिला शव
पुलिस ने बताया कि थीम पार्क के भीतर बने स्टेज के पीछे किसी व्यक्ति की सिर कटी लाश पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। मृतक ने नीले रंग का लोअर और स्वेटशर्ट पहन रखी थी। उसके पेट पर खरोंच या खिंचाव जैसे निशान पाए गए हैं। मौके से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ।
खून से सना मिला चाकू
थाना कृष्णा गेट के SHO बलजीत सिंह के अनुसार, घटनास्थल से मिले चाकू पर खून के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में चाकू नया प्रतीत हो रहा है और आशंका है कि इसी हथियार का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मोबाइल लोकेशन डेटा की भी जांच कर रही है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।




