हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात युवक के घर के पास हुई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना की वजह गली में गाड़ी को साइड देने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान दुर्गा कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है। बताया गया है कि रात करीब साढ़े 12 बजे अंकित अपनी कार से दिल्ली फूल लेने के लिए निकला था। इसी दौरान गली में दो युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपियों ने पहले पिस्टल निकालकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन हथियार से फायर नहीं हो सका।
इसके बाद एक आरोपी अपनी गाड़ी से चाकू लेकर लौटा और अंकित पर कई वार कर दिए। चाकू लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे तुरंत पीजीआई रोहतक पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार अंकित तीन बहनों का इकलौता भाई था और परिवार में सबसे छोटा था। उसकी सोनीपत बस स्टैंड के पास फूलों की दुकान थी और वह रोजाना दिल्ली से फूल मंगाने जाता था। वारदात के वक्त भी वह इसी काम से घर से निकला था।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। जांच के दौरान मृतक की गाड़ी से एक बीयर की बोतल और चाकू बरामद किया गया है।
सिविल लाइन थाना एसएचओ अंकिता ने बताया कि अंकित मूल रूप से सोनीपत का रहने वाला था और दुर्गा कॉलोनी में रह रहा था। जांच में सामने आया है कि गांव किलोई निवासी दो युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




