करनाल, 24 दिसंबर: करनाल जिले के चमार खेड़ा गांव के पास बुधवार को नहर में एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति गंभीर रूप से बिगड़ी हुई थी और शरीर पर तेजधार हथियार के कई घाव पाए गए हैं, जिससे हत्या की संभावना जताई जा रही है।
घटना उस समय सामने आई, जब स्थानीय निवासी चरणजीत सिंह बाली नहर के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने तैरते हुए शव को देखा और तुरंत आसपास के लोगों को बुलाकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर आशु मलिक की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया कि मृतका लगभग 40 से 45 साल की प्रतीत होती है।
महिला ने कॉफी रंग का सूट और सलवार पहना हुआ था। उसके दाहिने हाथ में कड़ा और बाएं हाथ में चूड़ी मिली। शव के पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं था, जिससे महिला की पहचान नहीं हो पाई।
पुलिस के अनुसार शव लगभग 20 से 25 दिन पुराना लग रहा है। आसपास के थानों और जिलों में पहचान की कोशिश की जा रही है। यदि 72 घंटे के भीतर महिला की पहचान नहीं हो पाती है, तो शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
करनाल सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। मौत के असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे।




