फरीदाबाद जिले के सारन थाना क्षेत्र के जवाहर कॉलोनी स्थित 60 फीट रोड पर रविवार देर रात एक व्यक्ति की बड़े नाले में गिरने से मौत हो गई। हादसा प्लॉट नंबर-1 के पास बने नाले में हुआ। मृतक की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक घटना से कुछ समय पहले नशे की हालत में पास ही एक फर्नीचर की दुकान के बाहर बैठा हुआ था। दुकान पर काम करने वाले बृजलाल ने बताया कि व्यक्ति दुकान से सटे बड़े नाले की दीवार के पास करीब 10 से 15 मिनट तक बैठा रहा। इसी दौरान दुकान में ग्राहक आ गए, जिस कारण वे अंदर चले गए।
कुछ देर बाद जब वे बाहर आए तो उन्होंने देखा कि व्यक्ति उल्टे मुंह नाले में गिरा पड़ा है। शुरुआत में उन्हें लगा कि उसकी जैकेट नाले में गिरी है, लेकिन डंडे से जांच करने पर पता चला कि वह स्वयं नाले में गिर चुका है।
इसके बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से व्यक्ति को नाले से बाहर निकाला गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सारन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान व घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




