गुरुग्राम में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग रेप पीड़िता ने बेटे को जन्म दिया। मंगलवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों को स्थिति का पता चला और वे उसे सेक्टर-10 स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पीड़िता और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेश उसी इलाके में रहता था और दिसंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच कई बार नाबालिग के साथ जबरन संबंध बनाए। आरोपी ने लड़की को धमकाया था कि घटना का खुलासा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। डर के कारण पीड़िता ने अपने माता-पिता को कुछ नहीं बताया।
राजेश शादीशुदा है और कादीपुर में किराए पर रहता था। फरवरी में मकान खाली करने के बाद वह फरार हो गया था। लड़की की डिलीवरी के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया और गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया।
जांच और आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि प्रसव पीड़ा शुरू होने तक न तो लड़की और न ही उसके माता-पिता को गर्भावस्था की जानकारी थी। पीड़िता गर्भावस्था के दौरान नियमित रूप से स्कूल जाती रही।
गुरुग्राम पुलिस जनसंपर्क अधिकारी संदीप ने बताया कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद बाल कल्याण समिति द्वारा पीड़िता और उसके परिवार की काउंसलिंग कराई जाएगी। मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज होगा और सुनवाई के दौरान बच्चे का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा ताकि आरोपी की पुष्टि हो सके। कानून के तहत पीड़िता को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।




