Home » क्राइम » भिवानी में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, 20 हजार का इनामी आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

भिवानी में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, 20 हजार का इनामी आरोपी घायल होकर गिरफ्तार

Picture of insightnews24

insightnews24

भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले में शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई क्रॉस फायरिंग के दौरान रोहतक एसटीएफ के एक सब-इंस्पेक्टर को भी गोली लगी, हालांकि बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वे सुरक्षित बच गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए एक इनामी बदमाश को गोली मारकर काबू कर लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान चरखी दादरी जिले के गांव डाडमा निवासी अजय के रूप में हुई है। वह 20 हजार रुपये का इनामी अपराधी है और भिवानी कोर्ट फायरिंग मामले में पिछले तीन महीनों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए भिवानी पुलिस और रोहतक एसटीएफ की संयुक्त टीम लगातार प्रयास कर रही थी।

कोर्ट फायरिंग केस से जुड़ा है मामला

भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि 4 सितंबर को भिवानी कोर्ट परिसर में एक व्यक्ति की हत्या की नीयत से 4 से 5 हमलावरों ने योजना बनाकर फायरिंग की थी। हालांकि जिस व्यक्ति को निशाना बनाया गया था, उसे गोली नहीं लगी और वहां मौजूद युवक लवजीत गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के लिए उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

एसपी ने बताया कि इस मामले में रोहतक एसटीएफ लगातार कार्रवाई कर रही थी। तीन महीने की मेहनत के बाद चलाए गए ऑपरेशन में यह बड़ी सफलता मिली है। इससे पहले इस केस से जुड़े एक अन्य शूटर को फतेहाबाद में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें उसे भी गोली लगी थी।

गुप्त सूचना पर घेरा, फायरिंग में आरोपी घायल

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अजय भिवानी के बामला टोल प्लाजा के आसपास आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अजय के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है।

STF अधिकारी को लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान रोहतक एसटीएफ यूनिट के सब-इंस्पेक्टर सिकंदर को भी गोली लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट की वजह से वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने साहस दिखाते हुए संगठित अपराध से जुड़े आरोपी को दबोच लिया।

मददगारों पर भी शिकंजा

एसपी सुमित कुमार ने कहा कि पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है, जिन्होंने बदमाशों को पनाह या आर्थिक सहायता दी। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से चार सीधे वारदात को अंजाम देने आए थे।

मौके पर मौजूद काकड़ौली निवासी विकास फिलहाल फरार है, जिसे अगले 24 घंटे में गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, भिवानी का एक युवक विदेश भाग गया था, जिसने पुरानी रंजिश के चलते इन आरोपियों को हत्या की सुपारी दी थी। आरोपी के कब्जे से एक हथियार भी बरामद किया गया है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स