कुरुक्षेत्र | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन खंड स्थित प्रहलादपुर गांव पहुंचे। गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक अंदाज में पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कांग्रेस द्वारा पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सदन में निराधार और भ्रम फैलाने वाले मुद्दे उठा रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक भी यह समझ चुका है कि कांग्रेस की राजनीति केवल वोटों की गणना तक सीमित रह गई है। अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद कांग्रेस के विधायकों का सदन से बाहर चले जाना उनके इरादों को उजागर करता है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने ऐसा किया हो। इससे पहले भी कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई थी, लेकिन तब भी चर्चा से पहले ही सदन छोड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा उस प्रस्ताव को खारिज किया जाना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस के पास ठोस मुद्दों का अभाव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कभी संविधान पर खतरे की बात करती है तो कभी वोट चोरी के आरोप लगाती है, लेकिन इन मुद्दों के नाम पर वह संसद और विधानसभा की कार्यवाही को बाधित करती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता का विश्वास खो चुकी है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा राज्य में अपराध बढ़ने को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बयान केवल राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के उद्देश्य से दिए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार ने पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी स्वतंत्रता दी है। अपराधियों के लिए सख्त संदेश है कि या तो वे अपराध का रास्ता छोड़ें या फिर प्रदेश से बाहर जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तत्परता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री अपने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले प्रहलादपुर, बदरपुर, बनी, गुढ़ा और बपदी गांवों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर ही सुलझाने का प्रयास करेंगे।




