Home » लेटेस्ट न्यूज़ » पानीपत में प्रेम विवाह के बाद घरेलू हिंसा का गंभीर मामला, महिला पर जानलेवा हमला करने का आरोप

पानीपत में प्रेम विवाह के बाद घरेलू हिंसा का गंभीर मामला, महिला पर जानलेवा हमला करने का आरोप

Picture of insightnews24

insightnews24

हरियाणा के पानीपत जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना चांदनी बाग क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद पति के साथ रह रही एक महिला ने अपने ही पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पति लगातार उसके चरित्र पर शक करता है, उसे अपमानित करता है और शराब पीने के लिए दबाव बनाता है। विरोध करने पर वह हिंसक हो जाता है और कई बार जान से मारने की कोशिश भी कर चुका है।

पीड़िता के अनुसार उसने वर्ष 2018 में अजय नामक युवक से अपनी मर्जी से शादी की थी। इस विवाह के बाद उसके मायके वालों ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। महिला का आरोप है कि पति शराब का आदी है और उसे भी जबरन शराब पिलाने की कोशिश करता है। मना करने पर वह बेरहमी से मारपीट करता है और उसे चरित्रहीन बताकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है।

महिला ने बताया कि वह घर चलाने के लिए अपने घर में ही मेकओवर सैलून संचालित करती है। आरोप है कि पति उसका काम बंद करवाना चाहता है और मोहल्ले के लोगों के सामने झूठे आरोप लगाकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश करता है। पीड़िता का कहना है कि वह पहले भी कई बार पुलिस से शिकायत कर चुकी है, लेकिन हर बार आरोपी पति माफी मांगकर या समझौते के बहाने मामला रफा-दफा कर देता था।

महिला ने पुलिस को दिए बयान में हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि 16 दिसंबर को एक शादी समारोह से लौटने के बाद पति ने उसके साथ मारपीट की और घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। जान बचाने के लिए उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ली। इसके बाद 19 दिसंबर को जब वह थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रही थी, तभी आरोपी ने घर के गेट पर ही उसे पकड़ लिया। आरोप है कि पति ने गेट का शीशा तोड़कर महिला को अंदर खींच लिया और टूटे कांच से उसकी गर्दन रेतने की कोशिश की।

पीड़िता का कहना है कि इस दौरान आरोपी ने उसके सिर पर भी वार किया और उसका हाथ मरोड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सैलून में मौजूद स्टाफ और उसकी छोटी बहन ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के बाद पति ने उसे और उसकी बहन को जान से मारने की धमकी दी।

घायल अवस्था में महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण किया गया। इसके बाद चांदनी बाग थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, गलत तरीके से रोकने और जान से मारने की धमकी देने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स