Home » लेटेस्ट न्यूज़ » सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक उत्थान की प्रेरणा देता है जगतगुरु स्वामी ब्रह्मानंद जी का जीवन: हरविंद्र कल्याण

सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक उत्थान की प्रेरणा देता है जगतगुरु स्वामी ब्रह्मानंद जी का जीवन: हरविंद्र कल्याण

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र, 14 दिसंबर।
हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि जगतगुरु स्वामी ब्रह्मानंद जी का जीवन समाज को सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वामी ब्रह्मानंद जी ने अपना पूरा जीवन किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 23 दिसंबर को कैथल जिले के चुहड़माजरा गांव में आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय जयंती समारोह ऐतिहासिक होगा।

विधानसभा स्पीकर ने बताया कि इस राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी। वे रविवार को कुरुक्षेत्र स्थित रोड भवन में आयोजित अखिल भारतीय रोड महासभा के दायित्व ग्रहण समारोह में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और समाज के लोगों को 23 दिसंबर को चुहड़माजरा पहुंचने का न्यौता दिया।

हरविंद्र कल्याण ने कहा कि आज समाज जिस सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसमें गुरु ब्रह्मानंद जी के कार्यों और विचारों का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए ऐसे कर्म करने चाहिए, जो समाज को मजबूत बनाने और विकास की दिशा में आगे ले जाएं। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं को सशक्त बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रगति से ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य साकार होगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार समाज के महापुरुषों की जयंती मना कर उनके विचारों और योगदान को सम्मान देने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद जी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ही यह संकेत देती है कि 23 दिसंबर को होने वाला समारोह विशाल और ऐतिहासिक स्वरूप लेगा।

कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय रोड महासभा के प्रधान बलकार सिंह ने विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण और पूंडरी विधायक सतपाल जांबा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल, पूर्व विधायक तेजबीर सिंह, पूर्व विधायक मक्खन सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स