यमुनानगर, 15 दिसंबर।
यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में बीते रविवार को मिली युवती की सिर कटी नग्न लाश की शिनाख्त हो गई है। मृतका की पहचान उमा के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रमजानपुरा की रहने वाली थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि उमा अपने मुस्लिम प्रेमी बिलाल निवासी हिडोली, नकुड़ (सहारनपुर) के साथ पिछले करीब दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और उस पर शादी का दबाव बना रही थी।
पुलिस के अनुसार, बिलाल के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी और रविवार को ही उसकी शादी होनी थी। इसी बात से परेशान होकर उसने उमा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। करीब एक सप्ताह पहले वह युवती को कार में बिठाकर यमुनानगर लेकर आया और हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पहले कार की सीट बेल्ट से युवती का गला घोंटकर उसकी हत्या की। इसके बाद शव को प्रतापनगर के बहादुरपुर क्षेत्र में खेतों के पास ले जाकर पहचान छिपाने के लिए तेजधार हथियार से गर्दन काट दी। इतना ही नहीं, आरोपी युवती का कटा हुआ सिर और कपड़े भी अपने साथ ले गया, जिन्हें उसने कलेसर के जंगल में फेंक दिया।
शव मिलने के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। वारदात के करीब एक सप्ताह बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से बिलाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पूरी वारदात कबूल कर ली।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि उमा और बिलाल के बीच लंबे समय से संबंध थे। बिलाल को डर था कि उमा उसके घर जाकर सच्चाई बता देगी, जिससे उसकी शादी टूट सकती है। इसी डर के चलते उसने हत्या की योजना बनाई। 6 दिसंबर की रात करीब आठ बजे वह युवती को घुमाने के बहाने कार में लेकर निकला और प्रतापनगर के बहादुरपुर गांव पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी तक पहुंचने के लिए एसआईटी गठित की गई थी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास यूपी नंबर की एक कार देखे जाने, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबर डंप के जरिए अहम सुराग मिले। कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस सहारनपुर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया।
शव का पोस्टमॉर्टम पांच दिन बाद सिविल अस्पताल यमुनानगर में दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर पर संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे आशंका है कि गला काटने से पहले युवती की मौत हो चुकी थी या वह बेहोश थी। विसरा और अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट 8 से 10 दिन में आने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि शिनाख्त न होने के कारण युवती के शव का अंतिम संस्कार सेवा समिति द्वारा अज्ञात मानकर किया जा चुका है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।




