गुरुग्राम, 14 दिसंबर।
गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित मेफील्ड गार्डन सोसाइटी के एन-ब्लॉक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक कार चालक ने सोसाइटी गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की। आरोपी युवक दो महिलाओं के साथ कार में सवार होकर आया था और बिना अनुमति के जबरन सोसाइटी में घुसने का प्रयास कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने गेट पर लगे बूम बैरियर को क्रैश करने की भी कोशिश की। जब सिक्योरिटी गार्ड ने नियमों के तहत बूम बैरियर खोलने से इनकार किया, तो युवक कार से उतर गया और गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे थप्पड़ मारने लगा।
सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट
गार्ड की पिटाई की यह पूरी घटना गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक गार्ड से बहस के बाद उस पर हमला करता है। पहले हाथापाई करता है और बाद में सिक्योरिटी इंचार्ज से बातचीत के बाद भी गार्ड को लगातार थप्पड़ मारता है।
रेजिडेंट्स में भय का माहौल
वीडियो सामने आने के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। रेजिडेंट्स ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चिंता जताई है कि अगर गेट पर तैनात गार्ड ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोग कैसे खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे।
पुलिस को दी गई शिकायत
घटना को लेकर आरडब्ल्यूए (RWA) की ओर से आरोपी कार चालक के वाहन नंबर सहित पुलिस को शिकायत दी गई है। इसके अलावा रेजिडेंट्स ने गुरुग्राम पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने रेजिडेंट्स से संपर्क कर घटना का विवरण मांगा और सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक केस दर्ज नहीं किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग कमेंट के जरिए सोसाइटियों में जबरन एंट्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि रेजिडेंट्स खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।




