कुरुक्षेत्र, 14 दिसंबर।
कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। अमृतसर की रहने वाली एक महिला एजेंट ने सरकारी शिक्षक के बेटे और भांजे को कनाडा व ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 6 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी महिला ने कनाडा भेजने के लिए 18 लाख रुपये और ऑस्ट्रेलिया के वीजा के लिए 12 लाख रुपये की मांग की थी।
पिहोवा निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जून 2025 में उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से शिवानी नाम की महिला से बातचीत हुई थी, जो खुद को दयानंद नगर, अमृतसर की निवासी बताती है। आरोपी ने दावा किया कि वह लोगों को कनाडा और ऑस्ट्रेलिया भेजने का काम करती है। इस पर उसने राजेश कुमार के बेटे नवनीत कुमार को कनाडा और भांजे आर्यन निवासी फतेहगढ़ साहिब, पंजाब को ऑस्ट्रेलिया भेजने की बात तय की।
6 से 21 जून तक किए पैसे ट्रांसफर
शिवानी के झांसे में आकर राजेश कुमार ने उसके द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर 6 जून से 21 जून के बीच करीब 6 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने दोनों युवकों को वीजा थमा दिए, जो बाद में जांच कराने पर फर्जी पाए गए।
दफ्तर बंद कर फरार हुई आरोपी
फर्जीवाड़े का पता चलने पर आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया। जब पीड़ित अमृतसर में उसके बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब एक साल पहले ही अपने परिवार के साथ मकान छोड़कर जा चुकी है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।




