फरीदाबाद। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने फरीदाबाद जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला रजिस्ट्रार ऑफिस में असिस्टेंट पद पर तैनात राजीव गुप्ता को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता अमरीक सिंह द्वारा दी गई शिकायत पर की गई।
शिकायत में आरोप था कि आरोपी असिस्टेंट किसी सोसाइटी के चुनाव करवाने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था और पैसे दिए बिना काम आगे नहीं बढ़ा रहा था।
रंगेहाथों पकड़ा, रंग टेस्ट पॉजिटिव
ACB ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ ट्रैप की योजना बनाई। तय समय पर शिकायतकर्ता जब राजीव गुप्ता से मिलने पहुंचा तो उसकी मौजूदगी में 50 हजार रुपये की रकम आरोपी को सौंप दी गई। जैसे ही राजीव गुप्ता ने पैसा हाथ में लिया, ACB टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद टीम ने आरोपी के हाथ पानी से धुलवाए, जिसमें रंग परीक्षण पॉजिटिव पाया गया। इससे यह साबित हो गया कि उसने रिश्वत की राशि स्वीकार की थी।
DIC विभाग में असिस्टेंट के पद पर तैनात
गिरफ्तार आरोपी राजीव गुप्ता DIC विभाग में असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि वह कई दिनों से शिकायतकर्ता पर पैसे देने का दबाव बना रहा था। ACB की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। ACB अब यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता तो नहीं है।




