Home » क्राइम » तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, पिता की मौत—बेटा गंभीर रूप से घायल

तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, पिता की मौत—बेटा गंभीर रूप से घायल

Picture of insightnews24

insightnews24

सोनीपत, हरियाणा | जीटी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

थाना राई पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और कार की टूटी नंबर प्लेट बरामद कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।


अशोका यूनिवर्सिटी के पास हुआ हादसा

राई के गांव मुकीमपुर निवासी तिलकराज ने पुलिस को शिकायत दी कि वह अपने पिता ओमप्रकाश को दवाई दिलवाने के लिए कुंडली की ओर जा रहे थे। अशोका यूनिवर्सिटी के पास पीछे से एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े।

तिलकराज ने बताया कि कार का नंबर HR11P9502 दिखाई दिया, जो हादसे के बाद फरार हो गई। हादसे में पिता ओमप्रकाश के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसे भी सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें पहुंचीं।


अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

राहगीरों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल सोनीपत पहुंचाया, लेकिन गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल तिलकराज की मेडिकल जांच में उसके शरीर पर चार चोटें पाई गईं।

थाना राई पुलिस टीम ने मौके से बाइक और कार की मुड़ी हुई नंबर प्लेट बरामद की। पास में कोई चश्मदीद नहीं मिला।


पुलिस ड्राइवर की तलाश में जुटी

डॉक्टरों की अनुमति के बाद तिलकराज के बयान दर्ज किए गए, जिसके आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 281, 106 और 125A के तहत मामला दर्ज किया है। बाइक और कार की नंबर प्लेट को सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया गया है।

मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र को सौंपी गई है, जो आरोपी ड्राइवर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटे हैं।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस का कहना है कि मौके से मिले साक्ष्यों और बरामद नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज भी जांची जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स