चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस राज्य में अपराध पर नकेल कसने और नशे के अड्डों को खत्म करने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ की सफलता के बाद अब पुलिस ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन’ शुरू करने की तैयारी में है। इस संबंध में डीजीपी ओपी सिंह ने 30 नवंबर को सभी जिलों के एडीजी, एसटीएफ, हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट इंचार्ज से लेकर चौकी स्तर तक के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
डीजीपी के अनुसार 5 से 27 नवंबर तक चले ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान 307 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि सैकड़ों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। अब फोकस जेल में कैद इन अपराधियों के व्यवहार में सुधार और बेल पर बाहर आए अपराधियों की कड़ी निगरानी पर रहेगा।
DGP ओपी सिंह के पत्र में दिए गए 6 प्रमुख निर्देश
1. जेल में मुलाकात करने वालों की निगरानी
पुलिस को निर्देश दिया गया है कि अपराधियों से मिलने जेल आने वालों पर नजर रखी जाए। जेल प्रशासन के साथ तालमेल बढ़ाया जाए ताकि अपराधी जेल से ही आपराधिक गतिविधियां संचालित न कर सकें। बेल पर बाहर आए अपराधियों की नियमित जांच हो और नियम तोड़ने पर उनकी बेल रद्द कराई जाए।
2. 312 फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश
डीजीपी ने बताया कि 312 चिन्हित अपराधी अभी भी फरार हैं। पुलिस को उनके खिलाफ अभियान तेज करने, पड़ोसी राज्यों से सूची साझा करने, लुकआउट नोटिस जारी करने और पासपोर्ट निरस्त कराने के आदेश दिए गए हैं।
3. गन हाउस का रिकॉर्ड खंगालें
हथियार बनाने, बेचने और अवैध रूप से खरीदने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं। बताया गया है कि कुछ गन हाउस अपराधियों को ब्लैक में कारतूस बेचते हैं। ऐसे मामलों में तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
4. अपराधियों की काली कमाई जब्त करें
अवैध कमाई और कब्जों की सूची तैयार कर जिला प्रशासन के सहयोग से इन्हें जब्त या ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। हिस्ट्रीशीट्स को अपडेट करने और गश्त के दौरान इन अपराधियों की नियमित जांच करने के आदेश भी दिए गए हैं।
5. ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन’ दिसंबर में लागू
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नशेड़ियों, जुआरियों और असामाजिक तत्वों के अड्डों की शिकायतों को देखते हुए दिसंबर माह में यह ऑपरेशन चलाया जाएगा। ऐसे स्थानों पर बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग अभियान चलाकर सफाई की जाएगी।
6. सर्दी में बेघर लोगों की मदद
सर्द मौसम को देखते हुए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि कोई व्यक्ति ठंड में भूखा या बिना आश्रय के रात न गुजारे। पुलिस सामाजिक संगठनों और सरकारी योजनाओं से ज़रूरतमंदों को जोड़ने का काम करेगी।




