Home » लेटेस्ट न्यूज़ » कुरुक्षेत्र में आज आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम — कई प्रमुख कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

कुरुक्षेत्र में आज आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम — कई प्रमुख कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (25 नवंबर) 15वीं बार हरियाणा आ रहे हैं। कुरुक्षेत्र में यह उनका छठा दौरा होगा। प्रधानमंत्री दोपहर 3:55 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे और यहां कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके आगमन को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

ज्योतिसर अनुभव केंद्र और पंचजन्य शंख स्मारक का लोकार्पण

पीएम मोदी अपने दौरे की शुरुआत ज्योतिसर अनुभव केंद्र के लोकार्पण और पंचजन्य शंख स्मारक के शुभारंभ से करेंगे। इसके बाद वे श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के समागम कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान पीएम गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित एक स्मृति सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे।

इंटरनेशनल गीता जयंती महोत्सव में करेंगे शिरकत

प्रधानमंत्री शाम को इंटरनेशनल गीता जयंती महोत्सव के मुख्य आयोजन में पहुंचेंगे और ब्रह्मसरोवर पर संध्याकालीन आरती में हिस्सा लेंगे। उनका पूरा दौरा करीब ढाई घंटे का रहेगा।

अयोध्या से करेंगे यात्रा, योगी आदित्यनाथ भी आ सकते हैं साथ

पीएम मोदी विशेष विमान से अयोध्या से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे, जहां से हेलिकॉप्टर द्वारा कुरुक्षेत्र आएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी साथ आने की संभावना है। कार्यक्रम के बाद वे सड़क मार्ग से वापस अंबाला पहुंचकर दिल्ली रवाना होंगे।

तीन-स्तरीय सुरक्षा, 5 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती

पीएम की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है। बाहरी लेयर में 12 एसपी, 36 डीएसपी और 5 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल और गीता जयंती महोत्सव के लिए अलग-अलग रूट प्लान तैयार किए गए हैं।

155 एकड़ में भव्य पंडाल — पीएम जमीन पर बैठकर करेंगे सहभागिता

गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी समागम के लिए 155 एकड़ में बड़े पैमाने पर पंडाल तैयार किया गया है। मुख्य पंडाल 25 एकड़ में बनाया गया है, जिसमें गुरु ग्रंथ साहिब विराजमान होंगे। मंच के एक ओर 350 बच्चियां कीर्तन करेंगी, जबकि दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी और अन्य नेता बैठेंगे। पंडाल में कुर्सियां नहीं होंगी—सभी जमीन पर बैठकर कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जोड़ा घर, लंगर हॉल और पार्किंग की विशेष व्यवस्था

मुख्य पंडाल के पास दो बड़े जोड़ा घर बनाए गए हैं, जिनमें 5-5 हजार जोड़े रखने की क्षमता है। इसके अतिरिक्त 10-10 एकड़ के दो अस्थायी लंगर हॉल भी बनाए गए हैं, जहां सुबह से शाम तक लंगर चलेगा। पीएम मोदी और अन्य अतिथि भी यहां प्रसाद ग्रहण करेंगे।
कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 20 एकड़ से अधिक में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी और डब्ल्यूवीआईपी पार्किंग अलग से होगी। प्रवेश के लिए 20 गेट बनाए गए हैं, जहां कड़ी जांच के बाद ही एंट्री मिलेगी।

ड्रोन और ग्लाइडर उड़ाने पर पूर्ण पाबंदी

प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए कुरुक्षेत्र शहर में किसी भी प्रकार के ड्रोन और ग्लाइडर उड़ाने पर रोक रहेगी। उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ज्योतिसर से थर्ड गेट तक कुरुक्षेत्र–पिहोवा रोड पूरी तरह सील रहेगा। इसके अलावा दिल्ली–चंडीगढ़ NH-44 से ब्रह्मसरोवर तक KDB रोड पर आमजन की आवाजाही बंद रहेगी।

ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में आमजन की एंट्री रोकी जाएगी

संध्याकालीन आरती के दौरान पुरुषोत्तमपुरा बाग और ब्रह्मसरोवर के आसपास का क्षेत्र कुछ समय के लिए आम जनता के लिए बंद रहेगा। सुरक्षा कारणों से किसी को भी इस इलाके में मूवमेंट की अनुमति नहीं होगी।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स