कुरुक्षेत्र जिले के सिरसला रोड स्थित रतन डेरा क्षेत्र में 15 नवंबर को दुकानदार रामबीर शर्मा की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी छह दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद पुलिस को अब तक हमलावरों का सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, पीड़ित परिवार ने हथीरा गांव के जयकुमार पर पुरानी रंजिश के चलते वारदात करवाने का आरोप लगाया है।
बाइक पर आए तीन युवक, दो उतरे और चलाई गोली
नेताजी कॉलोनी निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ गोल्डी ने बताया कि वह 15 नवंबर की शाम करीब पौने 9 बजे अपने पिता रामबीर शर्मा के साथ दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक दुकान के पास रुके। दो युवक बाइक से उतरे, जबकि तीसरा वहीं बैठा रहा।
वीरेंद्र के अनुसार, हमलावरों ने पीली और सफेद टोपी तथा चेहरे पर काले मास्क पहन रखे थे। पूछने पर कि क्या चाहिए, उनमें से एक ने पिस्तौल निकालकर उसके पिता पर फायर कर दिया। गोली लगते ही रामबीर शर्मा लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गए।
PGI में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद वीरेंद्र ने घायल पिता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें PGI, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। 17 नवंबर की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
2001 की रंजिश का आरोप
वीरेंद्र उर्फ गोल्डी ने आरोप लगाया कि आरोपी जयकुमार के परिवार की एक महिला के साथ 2001 से बातचीत थी, जिसे लेकर पहले भी विवाद हुआ था। उस समय हुए झगड़े के बाद से जयकुमार उनके पिता से रंजिश रखता था। परिवार का दावा है कि इसी कारण हत्या करवाई गई है।
CIA व पुलिस टीमें जांच में जुटीं
थाना सदर पिपली के SHO सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस और CIA की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। मुख्य आरोपी जयकुमार फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। SHO ने दावा किया कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।




