कुरुक्षेत्र। विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक को फ्रांस भेजने का झांसा देकर उसके ही रिश्तेदार ने 6.15 लाख रुपए हड़प लिए। डेढ़ साल बाद भी न तो युवक को विदेश भेजा गया और न ही पैसा लौटाया गया। मामले में शिकायतकर्ता और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता अनीता देवी का आरोप
सेक्टर-3 निवासी अनीता देवी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा शुभम विदेश जाकर बेहतर भविष्य बनाना चाहता था। दिसंबर 2023 में उनका ननदोई ललित घर आया और उसने भरोसा दिलाया कि वह कम खर्च में जल्दी शुभम को फ्रांस भेज देगा।
10 लाख में तय किया सौदा, पासपोर्ट भी रख लिया
आरोपी ने फ्रांस भेजने के लिए 12 लाख रुपए मांगे, लेकिन रिश्तेदारी होने के कारण 10 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। काम शुरू करने के लिए उसने पहले ही 2 लाख रुपए नकद लिए। 30 दिसंबर को 1 लाख रुपए गूगल-पे से ट्रांसफर किए गए। फरवरी 2024 तक अनीता कुल 6.15 लाख रुपए दे चुकी थीं। यह रकम उन्होंने रिश्तेदारों से ब्याज पर उधार लेकर दी थी। आरोपी ने 2 महीने में शुभम को भेजने का वादा किया था, लेकिन एक साल बीत गया और कोई काम नहीं हुआ।
वीजा–टिकट के नाम पर और 2 लाख ले गया
कुछ समय बाद आरोपी ने फोन कर बताया कि काम खुल गया है और वीजा व टिकट बनवाने के लिए पैसे चाहिए। अनीता देवी से उसने 1 लाख रुपए नकद और बाद में 60 हजार रुपए तथा अन्य खर्चों के नाम पर लगभग 2 लाख रुपए और ले लिए। शुभम को वह दिल्ली के वीजा ऑफिस भी ले गया, जहां उसे सिर्फ घुमाता रहा।
धमकी देकर फोन बंद किया, पुलिस में शिकायत
जब अनीता ने बेटे का पासपोर्ट और अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दे दी और फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना सदर पिपली में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




