कुरुक्षेत्र के लोहार माजरा स्थित सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम गर्ल्स कॉलेज में सोमवार शाम एक महत्वपूर्ण स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम की शुरुआत की गई। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन की नातिन और निमाया फाउंडेशन की संस्थापक नव्या नवेली नंदा तथा नवीन जिंदल फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से ‘जेन AI रेडी नारी’ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोर्स का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में नव्या नवेली नंदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर शिरकत की।
महिलाओं की क्षमता AI से भी तेज : नव्या
नव्या ने कहा कि महिलाओं में कार्य करने की क्षमता AI से भी तेज होती है। जरूरत सिर्फ इसे पहचानने और सही दिशा देने की है। उन्होंने कहा, “दुनिया की बेस्ट CEO मां होती है, जो अपने बच्चों को जीवन के हर पहलू की ट्रेनिंग देती है।”
नव्या ने बताया कि निमाया फाउंडेशन और नवीन जिंदल फाउंडेशन मिलकर 50 हजार महिलाओं को AI आधारित प्रशिक्षण देंगे।
AI ही उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद : नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि भविष्य AI आधारित होगा और इसी से युवा व महिलाएं प्रतिस्पर्धा में आगे रह पाएंगे। उन्होंने बताया कि उन्होंने कौशल विकास व उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी से स्किल ट्रेनिंग को लेकर बातचीत की है। साथ ही पीएम-सेतु योजना के तहत प्रदेश के सभी ITI को 200 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बनाने का आग्रह किया है।
पहले बैच की क्लास शुरू
कोर्स लॉन्च के बाद नव्या और जिंदल ने ‘जेन AI रेडी नारी’ के पहले प्रशिक्षण बैच की शुरुआत करवाई। इस दौरान छात्राओं ने विशेषज्ञों से AI से जुड़े सवाल भी पूछे। फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि यह प्रोग्राम महिलाओं के लिए “AI मित्र” की तरह काम करेगा।
महिलाओं को चैटबॉट बनाना भी सिखाया जाएगा
इस प्रशिक्षण में महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल समझ के साथ चैटबॉट बनाने की तकनीक भी सिखाई जाएगी। आयोजकों के अनुसार, इससे महिलाएं अपनी भावनाएं साझा करने और विभिन्न समस्याओं के समाधान खुद खोजने में सक्षम होंगी।




