कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज कुरुक्षेत्र जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके तीन प्रमुख कार्यक्रम तय हैं, जिनकी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा अंतिम चरण में हैं।
सीएम सैनी ब्रह्मसरोवर के उत्तरी एंट्री गेट से गीता सद्भावना यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गीता के शांति और अहिंसा के संदेश का प्रसार करेगी। यात्रा में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यात्रा के समापन पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) के मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता आयोजित होगी।
PM नरेंद्र मोदी के संभावित आगमन पर होगी विशेष बैठक
दौरे के अंत में मुख्यमंत्री हरियाणा कला परिषद के सभागार में धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेंगे। इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (IGM) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कुरुक्षेत्र आगमन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
15 नवंबर से गीता महोत्सव का आगाज
इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 15 नवंबर से शुरू होकर 21 दिन तक चलेगा। समापन 5 दिसंबर को होगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव को देखते हुए ब्रह्मसरोवर और शहर को गीता एवं महाभारत की थीम पर सजाया गया है।
25 नवंबर को पीएम मोदी पहली बार महोत्सव में होंगे शामिल
गीता महोत्सव में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। वे 25 नवंबर को ब्रह्मसरोवर पहुंचकर पूजा-अर्चना और आचमन करेंगे। इसके बाद वे श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और फिर महोत्सव स्थल का दौरा भी करेंगे।
21 हजार बच्चे एक साथ करेंगे गीता पाठ
इस बार एक नया रिकॉर्ड बनाते हुए 21 हजार छात्र एक साथ वैश्विक गीता पाठ करेंगे। इससे पहले 18 हजार छात्र भाग लेते थे। इस बार गीता पाठ का आकार और भव्यता दोनों बढ़ाई गई है।
21 दिन तक सरस-क्राफ्ट मेला, एमपी होगा स्टेट पार्टनर
पूरे 21 दिन तक सरस और क्राफ्ट मेला भी आयोजित होगा। इस बार मध्य प्रदेश को स्टेट पार्टनर बनाया गया है, जिसके साथ हरियाणा और एमपी का संयुक्त पवेलियन लगाया जाएगा।
हर रोज शाम को पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और महाआरती का आयोजन होगा, जिसका शुभारंभ राज्यपाल करेंगे।




