कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गुरु तेग बहादुर बलिदान दिवस भाषण प्रतियोगिता आयोजित
कुरुक्षेत्र, 13 नवम्बर। भारत रत्न श्री गुलजारीलाल नंदा नीति शास्त्र एवं दर्शन शास्त्र केंद्र तथा भारत विकास परिषद मैत्रेयी शाखा, कुरुक्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में गुरु तेग बहादुर बलिदान दिवस भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भारत रत्न गुलजारीलाल नंदा केंद्र के सभागार में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मैत्रेयी शाखा की अध्यक्ष डॉ. ममता सचदेवा ने की। उन्होंने निर्णायकों, अतिथियों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि “गुरु तेग बहादुर जी का जीवन निडरता, सत्य और मानवता के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब समाज कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, गुरु तेग बहादुर जी के आदर्श हम सभी के लिए मार्गदर्शक हैं।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. कुलदीप सिंह (विभाग पंजाबी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय), डॉ. गुरप्रीत (डीएवी कॉलेज, पेहोवा) और डॉ. प्रद्युमन भटनागर (पूर्व प्रधान वैज्ञानिक, केवीके कुरुक्षेत्र) शामिल रहे।
प्रतियोगिता में सात विद्यालयों के 24 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन मैत्रेयी शाखा की सचिव डॉ. नीलम ढांडा और कार्यक्रम संयोजिका डॉ. उर्मिल सांगवान ने किया, जबकि डॉ. शुचिस्मिता, निदेशक, गुलजारीलाल नंदा केंद्र, सह-संयोजिका रहीं।
कार्यक्रम में डॉ. अनीता भटनागर, डॉ. सुनीता सिरोहा, डॉ. श्वेता, डॉ. शालिनी अग्रवाल सहित कई शिक्षाविद् उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में गीता निकेतन आवासीय विद्यालय ने प्रथम, दिल्ली पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र ने द्वितीय तथा यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन गुरु तेग बहादुर जी के आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प और राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।




