पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं, जिन्हें इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन अवैध पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों ने 13 अक्टूबर की रात विकास नगर क्षेत्र में एक घर पर फायरिंग और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायतकर्ता राजवंती ने बताया था कि संजीव उर्फ बाजा और उसके साथियों ने घर में घुसकर तीन लाख रुपए नकद, सोने की चेन और चांदी की पायलें लूट ली थीं। वारदात के दौरान आरोपियों ने परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जो जमीनी विवाद से जुड़ा मामला बताया गया।
पानीपत के एसपी भूपेंद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर विजय के नेतृत्व में बनाई गई टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शाहपुर-ज्वाहरा मार्ग पर नाकेबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश में आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को घायल कर गिरफ्तार किया, जबकि तीसरा आरोपी मौके पर ही दबोच लिया गया।
एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यह ऑपरेशन ट्रैक डाउन की बड़ी उपलब्धि है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




