गुरुग्राम। हरियाणा पुलिस ने गुरुग्राम में अमीर लोगों को झूठे POCSO Act (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) के मामलों में फंसाकर वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह की मास्टरमाइंड महिला वकील, उसके पति और एक गुब्बारे बेचने वाले को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से डेढ़ करोड़ रुपए नकद और ढाई करोड़ रुपए की ज्वेलरी बरामद की गई है।
महिला वकील निकली रैकेट की मास्टरमाइंड
डीसीपी साउथ हितेश यादव के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान गीतिका, निवासी टाटा प्रिमंति, सेक्टर-72, गुरुग्राम के रूप में हुई है। गीतिका पेशे से वकील है और झूठे यौन शोषण के केस बनाकर पैसे ऐंठने का काम करती थी। पुलिस ने बताया कि वह अपने पति और गुब्बारे बेचने वाले हनुमान के साथ मिलकर यह रैकेट चला रही थी।
ऐसे खुली पोल – बच्चे के पिता ने खुद बताया सच
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में एक बिजनेसमैन के खिलाफ POCSO Act के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में कहा गया कि बिजनेसमैन ने एक छोटे बच्चे के साथ कुकर्म किया। शिकायतकर्ता बच्चे का पिता हनुमान था, जो सड़क किनारे गुब्बारे और खिलौने बेचता है।
जांच के दौरान पुलिस को हनुमान के खिलाफ कुछ संदिग्ध सबूत मिले। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि वह महिला वकील गीतिका के इशारे पर काम करता था।
पैसे लेकर फंसाती थी निर्दोष लोग
हनुमान ने बताया कि गीतिका उसे पैसे देती थी ताकि वह अपने बेटे से किसी व्यक्ति पर झूठे कुकर्म के आरोप लगवाए। इस गिरोह ने अब तक तीन से अधिक फर्जी मामलों में अमीर लोगों को ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूली थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 दिन के रिमांड पर लिया है।




