हिसार (हरियाणा)।
हरियाणा के हिसार जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई। एडीजीपी ऑफिस में तैनात सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार (57) की हुड़दंग का विरोध करने पर कुछ युवकों ने ईंट और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 11:30 बजे ढाणी श्यामलाल की गली नंबर-3 में हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से हमलावरों की एक कार और दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि बाकी की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी दोपहर 12 बजे इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
घटना का सिलसिला ऐसे शुरू हुआ
परिवार के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे गली के बाहर कुछ युवक शराब के नशे में हुड़दंग मचा रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। उस समय रमेश कुमार घर पर ही थे। शोर सुनकर वे बाहर निकले और युवकों को फटकार लगाते हुए वहां से चले जाने को कहा। युवक पहले तो चले गए, लेकिन करीब एक घंटे बाद कार और दो बाइक लेकर दोबारा लौट आए।
उन्होंने फिर से शोर-शराबा और अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू किया। रमेश कुमार जब दोबारा उन्हें रोकने बाहर आए, तो हमलावरों ने ईंट और डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रमेश कुमार मौके पर ही गिर पड़े।
परिवार ने दी सूचना, हमलावर छोड़ गए वाहन
चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर वहां से भाग निकले। भागते समय वे अपनी कार (HR20-BC1472) और दो मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़ गए। लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, मगर वे फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रमेश कुमार को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जनवरी में रिटायर होने वाले थे रमेश कुमार
मृतक सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार एडीजीपी ऑफिस में पिछले दस वर्षों से तैनात थे। वे अपने परिवार के साथ हिसार की ढाणी श्यामलाल में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा हिमाचल में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है, एक बेटी गुरुग्राम में नौकरी करती है, जबकि बड़ी बेटी विवाहित है। वारदात के समय घर पर केवल पत्नी मौजूद थीं।
रमेश कुमार की जनवरी 2026 में रिटायरमेंट होने वाली थी।
पुलिस ने बनाई विशेष जांच टीमें
नई सब्जी मंडी चौकी प्रभारी राजबाला ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमॉर्टम सिविल अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग एक ईमानदार अधिकारी की इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।




