सिरसा, 1 नवंबर।
सिरसा जिले के भावदीन गांव में एक युवक ने घर के बाहर नीम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सिकंदर के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता चिराग था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सिकंदर ने प्लास्टिक की रस्सी (सूतली) से नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जब पड़ोसियों ने उसे पेड़ से लटका देखा, तो तुरंत उसकी पत्नी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया।
परिजनों के अनुसार, सिकंदर पिछले 10 से 12 सालों से भावदीन गांव में रह रहा था और राजमिस्त्री का काम करता था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार में उसकी पत्नी मीना और दो छोटे बच्चे हैं — छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा। मूल रूप से वह सिरसा डेरे के पास स्थित सिकंदरपुर गांव का रहने वाला था।
सिकंदर के साले गुरी ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था और सिविल अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था। कुछ दिन पहले ही उसे दवा दिलवाकर लाया गया था। घटना के समय उसकी पत्नी मीना बच्चों के साथ अपने मायके संगर साधा गई हुई थी, जबकि सिकंदर घर पर अकेला था। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे उसने यह कदम उठाया।
शनिवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




