कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ठग ने ऑस्ट्रेलिया नंबर से कॉल कर खुद को ‘भाभी’ बताकर मां भद्रकाली मंदिर सेवामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र वालिया से 19 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी महिला ने उनके रिश्तेदार की गंभीर हालत का हवाला देकर यह रकम ठग ली।
नगर परिषद के पूर्व ठेकेदार और वर्तमान में भद्रकाली मंदिर सेवामंडल के प्रधान नरेंद्र वालिया ने बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को उनकी बुआ के बेटे की पत्नी शालू बताया, जो वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में रहती है। उसने घबराई आवाज में कहा कि उसके पति सुरेश कुमार का एक्सीडेंट हो गया है और इलाज के लिए 30 लाख रुपये की जरूरत है।
महिला की बातों पर भरोसा करते हुए नरेंद्र वालिया ने सात दिनों में 19 लाख रुपये उसके बताए बैंक अकाउंट में RTGS के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि सुरेश कुमार पूरी तरह स्वस्थ हैं और ऐसा कोई हादसा हुआ ही नहीं था।
पीड़ित नरेंद्र वालिया ने बताया कि उनके बुआ का बेटा सुरेश कुमार आर्मी से कर्नल पद से रिटायर्ड हैं और देहरादून में रहते हैं। इसीलिए जब ऑस्ट्रेलिया नंबर से कॉल आई, तो उन्हें शक नहीं हुआ। फिलहाल साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




