सोनीपत, 28 अक्टूबर।
हरियाणा के सोनीपत जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब फैक्ट्री के बाहर ट्रक खड़ा करने के दौरान ऊपर लटके बिजली के तारों के संपर्क में आने से ट्रक में करंट दौड़ गया। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो हेल्पर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
हैदराबाद से लेकर पहुंचे थे सामान
ट्रांसपोर्टर बलबीर सिंह ने बताया कि मृतक ड्राइवर राजेंद्र सिंह (26), निवासी ऊंचा गांव, आगरा (उत्तर प्रदेश) अपने दो हेल्पर भूपेश कुमार और योगेश कुमार के साथ हैदराबाद से सोनीपत सामान लेकर पहुंचे थे। फैक्ट्री में माल खाली करने के बाद जैसे ही उन्होंने ट्रक को बाहर खड़ा किया, ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार ट्रक से छू गए।
करंट लगते ही मौके पर मौत
तार के संपर्क में आते ही पूरे ट्रक में करंट फैल गया। हादसे के दौरान ट्रक में मौजूद ड्राइवर राजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों हेल्पर झुलस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद फैक्ट्री गेट के बाहर अफरा-तफरी मच गई।
“बिजली विभाग की लापरवाही से हुआ हादसा”
परिजनों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि नीचे लटकते तारों की सूचना कई बार दी गई थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परिवार का इकलौता बेटा था राजेंद्र
राजेंद्र सिंह अविवाहित था और छह बहनों का इकलौता भाई था। उसके निधन से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन उसके शव को देखकर फूट-फूट कर रो पड़े।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और बिजली विभाग की लापरवाही से संबंधित शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।




