पोस्टमॉर्टम में हुआ खुलासा — मृतका के पेट में 5 माह का गर्भ था
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी की पहली सालगिरह के अगले ही दिन 25 वर्षीय काजल ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में पता चला कि काजल पांच माह की गर्भवती थी। शनिवार को पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना लाडवा पुलिस ने काजल के भाई बबलू की शिकायत पर उसके पति मनीष और सास सरोज के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। परिजन शव को अपने गांव करनाल जिले के पिंगली ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया।
झूठ बोलकर करवाई गई थी शादी
काजल के भाई बबलू ने बताया कि उसकी बहन की शादी पिछले साल 22 अक्टूबर को लाडवा के बपदा गांव निवासी मनीष के साथ हुई थी। मनीष के परिवार ने शादी से पहले झूठ बोलकर बताया था कि वह टैंट हाउस का मालिक है, जबकि बाद में पता चला कि वह किसी दुकान पर काम करता था और कुछ समय से बेरोजगार था।
शराब पीकर करता था मारपीट
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से मनीष शराब पीने के बाद काजल के साथ मारपीट करता था। वह गर्भवती होने के बावजूद प्रताड़ना झेल रही थी।
काजल की बहन कोमल ने बताया कि भाई-दूज वाले दिन काजल ने उसे कई बार फोन किया और मायके ले जाने की गुहार लगाई थी। उसने भाई बबलू को भेजने का आश्वासन देकर उसे शांत किया था, लेकिन अगले ही दिन उसकी आत्महत्या की खबर मिली।
अकेले में दी जान
घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। काजल की सास काम पर गई हुई थी और मनीष भी बाहर गया हुआ था। दोपहर में जब मनीष लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने पर उसने देखा कि काजल पंखे से फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।
पुलिस जांच जारी
थाना लाडवा के SHO जानपाल सिंह ने बताया कि मामले में धारा 306 और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।




