कुरुक्षेत्र। जिला जेल कुरुक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए बाइक सवार दो युवक गुरुवार दोपहर जेल परिसर में एक संदिग्ध पैकेट फेंककर फरार हो गए। जांच में पैकेट से दो मोबाइल फोन, डेटा केबल और नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। पुलिस ने जेल में बंद हवालाती अंकित बुद्धिराजा उर्फ मोंगली निवासी उगाला (अंबाला) के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जिला जेल के डीएसपी शिवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जेल के बुर्ज नंबर-5 पर तैनात वार्डर बलबीर सिंह ने दो लोगों को जेल की दीवार के अंदर पैकेट फेंकते देखा। वार्डर ने तुरंत वॉकी-टॉकी के जरिए इसकी सूचना चक्कर हेड वार्डर जयपाल को दी।
सूचना मिलते ही जयपाल और वार्डर सतपाल मौके पर पहुंचे और तलाशी शुरू की। सुरक्षा वार्ड के पीछे उन्हें एक पैकेट मिला, जिसमें लोहे की डिब्बी के अंदर दो मोबाइल फोन, दो डेटा केबल, लोहे के काबले और नशीले पदार्थ जैसी सामग्री बरामद हुई।
जेल प्रशासन ने जब मामले की गहराई से जांच की तो खुलासा हुआ कि जेल में बंद कैदी अंकित बुद्धिराजा उर्फ मोंगली ने PICS (Phoenix Inmate Calling System) के माध्यम से अपने परिजनों के साथ कॉन्फ्रेंस कॉल कर किसी व्यक्ति को जेल में पैकेट फेंकने के निर्देश दिए थे। रिकॉर्डिंग सुनने पर यह बात सामने आई।
डीएसपी शिवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी मोंगली पर पहले से ही धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के तहत आठ से दस मामले दर्ज हैं। अब उसके खिलाफ थाना सिटी थानेसर में प्रिजन एक्ट के तहत नया केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




