पार्ट टाइम शिक्षकों को ₹57,700 बेसिक वेतन और 12 माह की नियमित नौकरी की मांग, मुख्यमंत्री ने रिपोर्ट पर शीघ्र निर्णय का दिया आश्वासन
चंडीगढ़, 24 अक्टूबर।
हरियाणा यूनिवर्सिटीज पार्ट टाइम टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दीपक बामल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी से उनके आवास पर मुलाकात कर प्रदेश के विश्वविद्यालयों में कार्यरत पार्ट टाइम शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. बामल ने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी कि पार्ट टाइम शिक्षकों को ₹57,700 रुपये बेसिक वेतन के साथ 12 महीने का नियमित कार्य और वेतन प्रदान किया जाए। उन्होंने बताया कि फिलहाल शिक्षकों को केवल ₹34,000 रुपये (₹750 प्रति लेक्चर) का मानदेय दिया जा रहा है, जो स्थायी शिक्षकों की तुलना में काफी कम है।
एसोसिएशन ने सरकार से अनुरोध किया कि राज्य सरकार द्वारा गठित कमेटी की रिपोर्ट को शीघ्र लागू किया जाए, जिससे वर्षों से लंबित मांगों का समाधान हो सके। डॉ. बामल ने कहा कि इस मुद्दे पर सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पहले ही डिमांड ड्राफ्ट सौंपे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “कमेटी की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और संबंधित विभाग उसका विश्लेषण कर रहा है। सरकार जल्द ही रिपोर्ट की सिफारिशों पर निर्णय लेगी।”
डॉ. बामल ने मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि राज्य सरकार शीघ्र ही रिपोर्ट लागू कर विश्वविद्यालयों के पार्ट टाइम शिक्षकों को राहत प्रदान करेगी।




