कुरुक्षेत्र, 24 अक्टूबर : झांसा-शांति नगर (कुरड़ी) के बीच बन रहे हाईवे फ्लाईओवर के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय सुभाष चंद की मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई ओम प्रकाश (63) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों भाई भाई दूज मनाने के लिए बहन के घर अंबाला जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वर्ना कार (HR07U-3684) ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
राजमिस्त्री हैं ओम प्रकाश, स्कूटी चला रहे थे सुभाष
ओम प्रकाश, निवासी वार्ड-7 पिहोवा, पेशे से राजमिस्त्री हैं। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वे अपने छोटे भाई सुभाष के साथ स्कूटी पर सवार होकर शाहपुरा गांव (अंबाला) जा रहे थे। सुभाष स्कूटी चला रहे थे और ओम प्रकाश पीछे बैठे थे।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे, ड्राइवर फरार
दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही वे झांसा-शांति नगर के बीच पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार वर्ना कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों भाई सड़क पर जा गिरे। ओम प्रकाश की बाईं टांग टूट गई और सिर व बाजू में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुभाष बेहोश हो गए। ड्राइवर कुछ देर रुका और फिर कार लेकर फरार हो गया।
इलाज के दौरान सुभाष की मौत
राहगीरों की मदद से दोनों को CHC झांसा ले जाया गया, जहां से उन्हें LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र रेफर किया गया। इलाज के दौरान सुभाष चंद ने दम तोड़ दिया, जबकि ओम प्रकाश का इलाज जारी है।
पुलिस ने केस दर्ज किया, जांच जारी
पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।




