यमुनानगर, 24 अक्टूबर : जिले के अग्रसेन चौक के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय दीपक निवासी इंद्रावास कॉलोनी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दीपक सड़क के बीच रखे पुलिस बैरिगेट से टकरा गया। वह अपने जन्मदिन की रात घर लौट रहा था।
ऑर्डर डिलीवरी के बाद बाइक से लौट रहा था दीपक
दीपक प्यारा चौक के पास स्थित एक लैब में ड्राइवर के रूप में काम करता था। बुधवार सुबह वह ऑर्डर की डिलीवरी के लिए ऋषिकेश गया था और रात को लैब में गाड़ी खड़ी करके अपनी बाइक से घर लौट रहा था। करीब 10 बजे वह अग्रसेन चौक के पास पहुंचा, तभी सड़क के बीच लगे बैरिगेट से टकरा गया और सिर में गंभीर चोट लगने से सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दीपक को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दीपक का जीजा अस्पताल में कार्यरत है, जिससे परिवार को तुरंत सूचना मिल गई।
जन्मदिन पर पत्नी ने बनाया था स्पेशल खाना
दीपक के भाई राजेश ने बताया कि बुधवार को ही दीपक का जन्मदिन था। उसकी पत्नी ने उसके लिए स्पेशल खाना बनाकर रखा था। दीपक के दो बच्चे हैं—5 वर्षीय बेटी विधु और 3 वर्षीय बेटा शानू। परिवार अब गहरे आर्थिक संकट में है, क्योंकि दीपक ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
अर्जुन चौकी इंचार्ज विनोद ने बताया कि शव को रात को सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया था। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।




