सोनीपत जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। शराब की पेटियों से भरी तेज रफ्तार कार ने भट्टे के कर्मचारी को सीधी टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) व एक्साइज एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैफुलवरा की मौके पर ही मौत
मुनीम बबलू ने बताया कि उसका साथी कैफुलवरा, जो उत्तर प्रदेश के खीरी जिले के गांव नारी बेहड़ का रहने वाला था, सोनीपत के महादेव भट्टा, मल्हा माजरा में काम करता था। रविवार को वह पैदल भट्टे की ओर जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कैफुलवरा उछलकर गड्ढे में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कार में मिली शराब की पेटी, ड्राइवर ने बताया नाम ‘इकबाल धानक’
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ने कार झाड़ियों में लगाकर लॉक कर दी और मौके से फरार हो गया। बबलू ने बताया कि जब उन्होंने ड्राइवर से उसका नाम पूछा तो उसने खुद को इकबाल धानक, चौपाल, मटिडू रोड, खरखौदा निवासी बताया। गाड़ी में देखने पर शराब की एक पेटी बरामद हुई।
दो साल से काम कर रहा था कैफुलवरा
मुनीम ने बताया कि कैफुलवरा दो साल पहले रोज़गार की तलाश में सोनीपत आया था। वह अविवाहित था और छह भाइयों में तीसरे नंबर पर था। हादसे की सूचना मिलने पर एएसआई वीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने दर्ज किया केस
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि यह मामला तेज और लापरवाह ड्राइविंग (धारा 281), लापरवाही से मौत (धारा 106) और एक्साइज एक्ट की धारा 61-4-2020 के अंतर्गत आता है। पुलिस अब आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी है।




