मातृभूमि सेवा मिशन में दीपावली उत्सव, बच्चों संग मनाया पर्व, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही छटा
कुरुक्षेत्र, 21 अक्टूबर : दीपावली के पावन अवसर पर कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक नीतिश अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शिवांगी आर्य ने मातृभूमि सेवा मिशन आश्रम परिसर में बच्चों के साथ दीपावली मनाई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए एसपी नीतिश अग्रवाल ने कहा, “दीपावली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह मानवता के उस शाश्वत संदेश का प्रतीक है जिसमें प्रकाश सदा अंधकार को परास्त करता है। सत्य और ज्ञान की रोशनी अंततः हर कठिनाई को मिटा देती है।” उन्होंने मातृभूमि सेवा मिशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था दीपावली के मूल संदेश को साकार कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने कहा कि दीपावली अब केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह एक वैश्विक पर्व बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह पर्व जाति, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं को मिटाकर एकता का प्रतीक बन चुका है।
श्रीमती शिवांगी आर्य ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व जीवन निर्माण के संकल्प का अवसर है। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक और उनकी धर्मपत्नी को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। एसपी नीतिश अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों को उपहार भी वितरित किए। कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ के साथ हुआ।




