दीपावली पर घर के साथ मोहल्ले की सफाई भी जरूरी, जन भागीदारी से ही संभव है स्वच्छता
कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर : नगर परिषद थानेसर द्वारा सेक्टर 2 स्थित देवीलाल पार्क के पास सफाई अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि जिस प्रकार दीपावली पर हम अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी तरह मोहल्ले और शहर की सफाई भी हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यदि सभी नागरिक त्योहारों की तरह शहर की सफाई को लेकर जागरूक हो जाएं, तो कुरुक्षेत्र स्वच्छता के क्षेत्र में नंबर वन बन सकता है। उन्होंने खुले में कूड़ा डालने वालों को समझाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।
सुधा ने थीम पार्क में लगे सांझा स्वदेशी मेले में भागीदारी सुनिश्चित करने की भी अपील की, जहां स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाई गई हस्तशिल्प वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं।
जिला नगर आयुक्त अमन कुमार ने बताया कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कूड़ा फैलाने वालों पर चालान की कार्रवाई की जाए और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
मुख्य सफाई निरीक्षक को प्रतिदिन निगरानी करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार, चेयरपर्सन प्रतिनिधि मलकीत ढांडा, पार्षद पंकज कुमार खन्ना सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।




