खरीद केंद्रों पर किसानों को मिल रहा ₹2389 प्रति क्विंटल का भाव, उठान कार्य में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर : कुरुक्षेत्र जिले में धान खरीद का कार्य तेजी से जारी है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जानकारी दी कि खाद्य आपूर्ति विभाग और हैफेड ने 18 अक्टूबर तक कुल 780976 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। इस सीजन में किसानों को ₹2389 प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।
जिले में 22 खरीद केंद्र और मंडियां स्थापित की गई हैं, जहां खाद्य आपूर्ति विभाग, हैफेड, एफसीआई और हरियाणा वेयरहाउस कॉर्पोरेशन द्वारा खरीद की जा रही है। उपायुक्त ने मंडी परिसर में बिजली, पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि उठान कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यापारियों व किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके मंडी में लाएं।
खरीद एजेंसियों द्वारा अजराना कला, अमीन, बाबैन, इस्माईलाबाद, थानेसर, लाडवा, पिहोवा, शाहबाद, पिपली, ठोल सहित अन्य मंडियों से धान की खरीद की गई है। प्रशासन ने किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने की व्यवस्था सुनिश्चित की है।




