कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर : झांसा रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में धुराला गांव निवासी आशा नागपाल (40) की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब आशा सत्संग सेवा से लौट रही थीं और उनके पति अजय नागपाल उनके पीछे चल रहे थे। हादसे में पड़ोस की महिला माया पत्नी सुशील कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
सत्संग सेवा से लौटते वक्त हुआ हादसा
अजय नागपाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी पत्नी हर रोज राधा स्वामी सत्संग भवन में सेवा करती थीं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे आशा और माया सेवा करके पैदल घर लौट रही थीं, तभी पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली (HR 07AH-6261) को लापरवाही से बैक करते हुए चालक ने दोनों को कुचल दिया।
पति चिल्लाता रहा, चालक भाग निकला
अजय ने बताया कि वह पीछे ही चल रहे थे और जोर-जोर से चिल्लाकर ट्रैक्टर चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक भीड़ देखकर मौके से फरार हो गया। अजय ने तुरंत दोनों महिलाओं को संभाला और परिवार की मदद से कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में आशा की मौत, माया की हालत गंभीर
अस्पताल में इलाज के दौरान आशा नागपाल ने दम तोड़ दिया, जबकि माया की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं बेटे-बेटी
आशा नागपाल के बेटे प्रिंस और बेटी गैवी ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। परिवार ने देर रात उन्हें सूचना दे दी थी। आज वे भारत लौटकर अपनी मां का अंतिम संस्कार करेंगे। अजय नागपाल गांव में पेंट की दुकान चलाते हैं।




