सोनीपत, 16 अक्टूबर : जिले के देवडू गांव में बुधवार देर शाम एक शराब पार्टी के दौरान हुए झगड़े में ई-रिक्शा ड्राइवर राजेंद्र (27) की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में उसे रोहतक PGI रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कर्ज और ब्याज को लेकर हुआ विवाद
परिजनों के अनुसार, राजेंद्र ने गांव के एक व्यक्ति कप्तान से ₹10,000 की रकम 10 सैकड़ा ब्याज पर ली थी, जिससे वह अपनी बैटरी रिक्शा की किस्त भर सके। बुधवार शाम ऋषिकुल स्कूल के पास कुछ लोगों ने उसे शराब पार्टी के लिए बुलाया, जहां पैसों को लेकर कहासुनी हुई और मामला हिंसक हो गया।
लाठी और औजार से किया हमला
राजेंद्र के भाई सुरेश ने आरोप लगाया कि साजा पुत्र अकबर, महेंद्र का भतीजा, राजेंद्र का लड़का और कप्तान ने मिलकर राजेंद्र पर हमला किया। उन्होंने उसी की रिक्शा से औजार निकालकर उसके सिर पर वार किए। राजेंद्र गरीब परिवार से था और एक कमरे के मकान में रहता था।
गर्भवती पत्नी और टूटा परिवार
राजेंद्र की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पत्नी पल्लवी पांच महीने की गर्भवती है और पहले ही दो बच्चों को गर्भ में खो चुकी है। राजेंद्र की उम्र करीब 27 वर्ष थी और वह परिवार का सबसे छोटा बेटा था। पिता का देहांत 15 साल पहले हो चुका है।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा जाएगा
राजेंद्र को पहले सोनीपत सिविल अस्पताल ले जाया गया, फिर रोहतक PGI रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
सामाजिक तनाव और जांच की मांग
हिंदू रक्षक संगठन प्रमुख मंजीत तिहाडा ने आरोप लगाया कि राजेंद्र की हत्या एक विशेष समाज के लोगों द्वारा षड्यंत्र के तहत की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। थाना प्रभारी सविता ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।




