कुरुक्षेत्र, 15 अक्टूबर : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर के किनारे एक विशाल मगरमच्छ के दिखने से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह करीब 10 फुट लंबा और एक क्विंटल वजनी मगरमच्छ बचगांव के पास नहर किनारे मुंह खोलकर आराम करता नजर आया, जिसे देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
चरवाहों ने बनाया वीडियो, वन्यजीव टीम को भेजा
सुबह चरवाहों की नजर मगरमच्छ पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने उसका वीडियो बनाकर गोताखोर प्रगट सिंह को भेजा। वन विभाग ने तुरंत चेतावनी जारी करते हुए चरवाहों और मछली पकड़ने वालों को नहर से दूर रहने की सलाह दी है।
पहले भी पकड़ा जा चुका है मगरमच्छ
यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब एक महीने पहले ज्योतिसर में सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस के पास 5 फुट लंबा मगरमच्छ पकड़ा गया था। उसे भौर सैयदां मगरमच्छ प्रजनन केंद्र में छोड़ा गया था। लेकिन इस बार दिखा मगरमच्छ उससे दोगुना बड़ा और अधिक खतरनाक माना जा रहा है।
ठंड के मौसम में धूप सेंकने बाहर आया
गोताखोर प्रगट सिंह के अनुसार, मगरमच्छ SYL में दो महीने पहले पानी के बहाव के साथ आया हो सकता है। अब ठंड का मौसम शुरू हो गया है, इसलिए वह धूप सेंकने के लिए बाहर आया होगा।
रेस्क्यू टीम सतर्क, जाल लगाने की तैयारी
प्रगट सिंह ने बताया कि इतने बड़े मगरमच्छ को अचानक रेस्क्यू करना जोखिम भरा हो सकता है। उनकी टीम नहर में जाल लगाने की तैयारी कर रही है और आसपास के इलाके में नजर रख रही है, ताकि यह पता चल सके कि कहीं और भी मगरमच्छ तो नहीं हैं।




