इंसाइट न्यूज 24 : कैथल जिले में फूड सेफ्टी विभाग ने बीकानेर से चंडीगढ़ जा रही एक बस से लगभग 20 क्विंटल नकली मावा बरामद किया है। यह मावा बस के नीचे सामान रखने वाले हिस्से में छुपाकर ले जाया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने तितरम मोड़ पर बस को रोककर तलाशी ली, जिसमें 100 टीन नकली मावा बरामद हुआ।
फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ. पवन चहल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बीकानेर से नकली मावा हरियाणा के विभिन्न जिलों — कुरुक्षेत्र, हिसार, कैथल और अंबाला में सप्लाई किया जा रहा है। इसके बाद देर रात नाका लगाकर कार्रवाई की गई और करीब तीन बजे बस को पकड़ लिया गया।
प्राथमिक जांच में मावा पूरी तरह नकली पाया गया। विभाग ने इसे जब्त कर नष्ट कर दिया है और नमूने जांच के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। बस ड्राइवर आवश्यक कागजात और लाइसेंस दिखाने में असमर्थ रहा।
ड्राइवर रामरतन ने पूछताछ में कबूल किया कि वह बीकानेर से चंडीगढ़ मावा लेकर जा रहा था। उसने बताया कि उसे फोन पर निर्देश दिए गए थे कि अलग-अलग स्थानों पर माल उतारना है। पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।




