अकाल पंथक मोर्चा ने कुरुक्षेत्र बैठक में जताया भरोसा, दादूवाल के बहुमत चैलेंज के बाद झींडा ने दिखाया समर्थन
कुरुक्षेत्र: हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के प्रधान जगदीश सिंह झींडा को अकाल पंथक मोर्चा ने खुला समर्थन देकर उनके पद पर बने रहने की पुष्टि कर दी है। सोमवार शाम कमेटी के हेड ऑफिस में झींडा ग्रुप और मोर्चा की संयुक्त बैठक में यह फैसला लिया गया।
यह समर्थन उस समय आया जब बलजीत सिंह दादूवाल ग्रुप ने झींडा से समर्थन वापस ले लिया था और उन पर बहुमत न होने का आरोप लगाया था। दादूवाल ने झींडा को बहुमत साबित करने की चुनौती दी थी और कमेटी के मेंबर्स से इजलास बुलाने की मांग की थी।
झींडा ने बहुमत साबित करने के लिए अकाल पंथक मोर्चा के प्रमुख मेंबर्स के साथ बैठक की, जिसमें हरमनप्रीत सिंह भुट्टर, मोहनजीत सिंह पानीपत, कर्मजीत सिंह, इकबाल सिंह, सुखदेव सिंह, काका सिंह रतनगढ़ और बलकार सिंह ने समर्थन जताया।
हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को मनाने और कमेटी के लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए झींडा को समर्थन दिया गया है।
मोर्चा के सदस्य मोहनजीत सिंह ने कहा कि संगत की भावनाओं और पंथ के हित को ध्यान में रखते हुए यह समर्थन दिया गया है। उन्होंने कहा कि कमेटी संगत की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए मिलकर काम करेगी।
कमेटी के महासचिव अंग्रेज सिंह ने बताया कि सभी मेंबर्स एकजुट हैं और जल्द ही जनरल हाऊस की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें बजट पास कर अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।




