इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 7 अक्टूबर : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कांन्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने मंडियों के दौरे के बाद सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि धान और बाजरा की खरीद व उठान में लापरवाही के चलते किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
गर्ग ने बताया कि बारिश के कारण लाखों मैट्रिक टन अनाज भीग चुका है, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी की घोषणा का हवाला देते हुए कहा, “सरकार ने वादा किया था कि किसानों की धान ₹3100 प्रति क्विंटल खरीदी जाएगी, लेकिन MSP ₹2389 पर भी खरीद नहीं हो रही है। मजबूरी में किसान ₹1950 से ₹2200 प्रति क्विंटल तक धान बेच रहे हैं।”
बजरंग गर्ग ने सरकार से मांग की कि:
• किसानों को ₹500 प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए
• बाजरा की खरीद MSP ₹2775 पर सुनिश्चित की जाए
• मंडियों से अनाज का तत्काल उठान किया जाए
उन्होंने कहा कि बाजरा भी MSP से काफी कम दामों पर बिक रहा है, जिससे किसान आर्थिक संकट में हैं। “सरकार को अपनी घोषणाओं पर अमल करना चाहिए, वरना किसानों का आक्रोश और बढ़ेगा,” गर्ग ने चेताया।




