मेवा सिंह बोले—महात्मा गांधी और शास्त्री जी के विचार आज भी देश की प्रगति के लिए मार्गदर्शक
कुरुक्षेत्र, 2 अक्टूबर : कुरुक्षेत्र में वीरवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई। कार्यक्रम में प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण भी किया गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेवा सिंह ने कहा, “महात्मा गांधी ने आजादी की लड़ाई में जन-जन को प्रेरणा दी। उनके ग्राम स्वराज, पंचायती राज और स्वच्छता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हमें उनके पदचिन्हों पर चलकर समाज का समग्र विकास करना होगा।”
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने कहा, “शास्त्री जी सादगी और ईमानदारी के प्रतीक थे। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश को ऊर्जा देता है।”
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, युवा जिलाध्यक्ष, महिला कार्यकर्ता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने देश के महान नेताओं को श्रद्धांजलि देते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




