इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 01 अक्टूबर : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन शोध केन्द्र ने एन.जे. वेल्थ, चंडीगढ़ के सहयोग से एक वित्तीय साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य महिला प्राध्यापकों और शोधार्थियों को निवेश के सही तरीकों से अवगत कराना था।
कार्यशाला की शुरुआत करते हुए केन्द्र की निदेशिका प्रो. अनीता दुआ ने कहा, “यदि हम समझदारी के साथ अपने धन का निवेश करें, तो वह न केवल संकट के समय सहारा बनता है, बल्कि आय का एक अतिरिक्त स्रोत भी बन सकता है।” उन्होंने कामकाजी महिलाओं के लिए वित्तीय जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया।
मुख्य वक्ता दीपेन्द्र कौर ने निवेश से पहले उसके उद्देश्य स्पष्ट करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि निवेश के विभिन्न माध्यम—जैसे इक्विटी, आरडी, एसआईपी, रियल एस्टेट, सोना और म्यूचुअल फंड—के बारे में जानकारी होना जरूरी है ताकि व्यक्ति अपनी जरूरतों के अनुसार सही विकल्प चुन सके।
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि नियमित आय का एक निश्चित प्रतिशत विभिन्न फंड्स में निवेश करने से न केवल स्थायी आय सुनिश्चित होती है, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं के लिए भी धनराशि संचित होती है।
कार्यशाला के समापन पर प्रो. वनीता ढींगरा ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर ए.जे. वेल्थ के पार्टनर विनोद ढींगरा, यूनिट मैनेजर गुरजोत सिंह, प्रो. प्रीति जैन, प्रो. सुमन मेहंदिया, प्रो. पूनम, डॉ. वंदना दवे, डॉ. ऋतु सैनी, अनु और अंजू सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।




