Home » लेटेस्ट न्यूज़ » श्री देवीकूप पर कन्या पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने मनाई श्री दुर्गाष्टमी

श्री देवीकूप पर कन्या पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने मनाई श्री दुर्गाष्टमी

Picture of insightnews24

insightnews24

इंसाइट न्यूज 24 : पिपली स्थित माँ भद्रकाली शक्तिपीठ में आज श्री दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर माँ महागौरी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ कन्या पूजन की परंपरा को पूरे श्रद्धा भाव से निभाया गया।
पीठाध्यक्ष पं. सतपाल शर्मा ने बताया कि नवरात्रों में नौ देवियों की पूजा का विधान है, जो देवी भागवत पुराण में विस्तार से वर्णित है। उन्होंने कहा, “माँ महागौरी महादेव की अर्धांगिनी के रूप में सदा विराजमान रहती हैं। उनके हाथ में डमरू होने के कारण उन्हें शिवा भी कहा जाता है।”
मुख्य पुजारिन शिमला देवी ने माँ को नारियल और सफेद पुष्पों का भोग अर्पित किया। मंदिर में अष्टमी और नवमी के दिन व्रत समापन करने वाले भक्तों की भीड़ रही। श्री देवीकूप पर दिनभर कन्या पूजन का आयोजन चलता रहा, जिसमें गुरुजी ने अपनी तीन कन्याओं—श्लोका पंडित, स्वस्तिका पंडित और शैविल शक्ति—को देवी स्वरूप मानकर पूजन किया।
पूजन विधि में कंजकों के चरण धोने से लेकर उन्हें श्रृंगार सामग्री, फल, पुष्पमाला भेंट करने तक की सभी परंपराएं निभाई गईं। उन्हें आलू-पूरी, हलवा, चना और खीर का भोग श्रद्धापूर्वक कराया गया। कन्या श्लोका ने सप्तश्लोकी दुर्गा के मंत्रों के साथ आशीर्वाद भी दिया।
गुरुजी ने बताया कि एक वर्ष से दस वर्ष तक की कन्याओं की पूजा से विभिन्न प्रकार के फल प्राप्त होते हैं—कुमारी से आयु और बल, त्रिमूर्ति से धन और वंश, कल्याणी से राजसुख, कालिका से संकट निवारण, चंडिका से ऐश्वर्य, शांभवी से विवाद नाश, दुर्गा से सफलता, सुभद्रा से रोग नाश और रोहिणी से मनोरथ सिद्धि।
मंदिर कमेटी ने अन्नपूर्णा हॉल में विशेष व्यवस्था की थी ताकि कन्या पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके। प्रातःकालीन मंगला आरती में महागौरी बीज मंत्र का जाप हुआ, जिसमें रमन बंसल मुख्य अतिथि रहे।
अन्नपूर्णा भंडारे में जतिन अरोड़ा (10 बजे), तनिष्क व दीपक गर्ग (2 बजे), गुप्ता परिवार (5 बजे), और संजीव गर्ग द्वारा तालाब भंडारा (5 बजे) का आयोजन किया गया। भक्तजन 7 अक्तूबर, पूर्णिमा तक भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
मंदिर में जागरण की तैयारियाँ भी जोरों पर हैं। भव्य पंडाल सजाया गया है और सुरक्षा टीम की नियुक्ति कर दी गई है। माता रानी को विशेष छप्पन भोग का प्रसाद गोविंद सिंगला व श्याम सिंगला द्वारा अर्पित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष नरेंद्र वालिया, उपाध्यक्ष डॉ. एम.के. मौदगिल, देवेंद्र गर्ग हाबड़ी, प्रो. हेमराज शर्मा, जीवन मौदगिल, शकुंतला देवी, मीना जोशी, स्नेहिल शर्मा, देवांशु शर्मा, संजीव मित्तल, ऋषि तोमर और आशीष दीक्षित सहित सेवक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स