इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 27 सितंबर : गीता ज्ञान संस्थानम् में अंतर्राष्ट्रीय रामलीला महोत्सव के प्रथम दिवस पर सीता की विदाई दृश्य ने श्रद्धालु दर्शकों को भावविभोर कर दिया। गीता मनीषी पूज्य स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपूर्ण रामायण मंचन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्यातिथि के रूप में थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा उपस्थित रहे, जबकि नीलोखेड़ी विधायक भगवान दास कबीरपंथी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सोमनाथ सचदेवा, आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. करतार सिंह धीमान, आईएएस सुमेधा कटारिया समेत अनेक गणमान्य अतिथियों ने रामलीला का आनंद लिया।
दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों के नन्हे कलाकारों ने गणपति वंदना से लेकर राम जन्म, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, जनकपुर में गौरी पूजा, धनुष भंग और लक्ष्मण-परशुराम संवाद तक की लीलाओं का मंचन किया। सीता की विदाई का दृश्य मंच पर आते ही पूरा सभागार भावनाओं से भर उठा।
अंतर्राष्ट्रीय रामलीला महोत्सव एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वेद टंडन और संयोजिका डॉ. वंदना टंडन ने विशिष्ट अतिथियों को प्रभु श्रीराम की छवि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. टंडन ने कुरुक्षेत्रवासियों के स्नेह के प्रति आभार जताते हुए बताया कि यह आयोजन लगातार तीसरे वर्ष हो रहा है, जिसमें देशभर से श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।




